हांसी :चानौत वासियों ने सीएम के प्रस्तावों को नकारा, 28 को बुलाई महा पंचायत
टी-कनेक्शन के अलावा कोई वैकल्पिक प्रस्ताव मंजूर नहीं
धरना कमेटी 37 सदस्यीय हुई, धिकाड़ा गांव की पंचायत ने मांगी माफी
हांसी, 26 जून (हि.स.)। भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग पर आंदालनरत
चैनत के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों को नकारते हुए आंदोलन को और तेज करने
का ऐलान किया है। इसके साथ ही धरना कमेटी ने
28 जून को गांव में महा पंचायत बुलाई है। इस महापंचायत में आसपास के गांवों की पंचायतों,
सभी किसान और सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया गया है। विभिन्न किसान संगठनों व
खाप पंचायत प्रतिनिधियों ने पानी की मांग को लेकर दिए जा रहे धरना का समर्थन किया है।
मुख्यमंत्री के साथ गुरुवार को हुई वार्ता बारे सुबह गांव की धर्मशाला में
ग्रामीणों और धरना कमेटी सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावों
को नकारते हुए कहा कि वे हांसी के जाने वाली लाइन से ही पानी लेंगे। इससे अलग उन्हें
कुछ भी मंजूर नहीं है। बैठक में सीएम नायब सिंह सैनी द्वारा रखे गए प्रस्तावों को खारिज
करते हुए सर्वसम्मति से तय किया गया कि गांव के लिए भाखड़ा पाइपलाइन में टी-कनेक्शन
के अलावा कोई भी वैकल्पिक प्रस्ताव स्वीकार नहीं होगा। पंचायत ने स्पष्ट किया कि मूल
मांग पूरी होने तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
टी-कनेक्शन लगाने के दौरान मध्यस्थता करने वाले सोमेश शर्मा के गांव धिकाड़ा
से पंचायत और बड़ी संख्या में ग्रामीण धरना स्थल पर पहुंचे। धिकाड़ा पंचायत ने मंच
से चानौत के ग्रामीणों से माफी मांगी। पंचायत ने कहा कि एक व्यक्ति की गलती से पूरे
गांव को शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सोमेश के कृत्य से पूरा गांव
आहत हुआ है। आंदोलन को संगठित बनाने के लिए शुक्रवार को धरना कमेटी का विस्तार किया गया
है। पहले 11 और 21 सदस्यों वाली कमेटी में पांच अनशनकारियों को भी शामिल किया गया है।
अब यह कमेटी 37 सदस्यीय हो गई है।
चानौत में चल रहे आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। गांव चानौत
की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया। घिराय और महजत की
तरफ से आने वाले मार्ग पर पुलिस ने नाका लगाकर लोगों को रोकने का प्रयास किया। हालांकि,
ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने धरनास्थल तक जाने की अनुमति दे दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

