मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल यूके और जर्मनी दौरे पर जाएगा

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 28 नवंबर से 5 दिसंबर तक यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर रहेगा। इस दौरान दुनिया की प्रमुख कंपनियों, निवेशकों, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के साथ निवेश, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कौशल विकास और स्वच्छ ऊर्जा में साझेदारी पर मंथन होगा। जर्मनी में हरियाणा का स्टेट रोड-शो आयोजित कर निवेशकों को प्रदेश की औद्योगिक ताकत दिखाई जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा सरकार प्रदेश को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में पहले भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान, सिंगापुर और स्वीडन का दौरा कर चुका है। इन दौरों के दौरान विभिन्न कंपनियों के साथ निवेश, औद्योगिक सहयोग और साझेदारी को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं और लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निवेश के लिए सहमति बनी है। इसी कड़ी में अब प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर जा रहा है।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का भी विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री सैनी विशेष रूप से हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र के महत्ता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यूके दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न बिजनेस लीडर्स, वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेगा। इसके अतिरिक्त सी.आई.आई. के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी हरियाणा में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर और 1 दिसंबर को मुख्यमंत्री विभिन्न प्रमुख उद्योगों, कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे।

इसके साथ ही भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार एवं निवेश की संभावनाओं को लेकर विशेष राउंडटेबल बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में शिक्षा, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा होगी। मुख्यमंत्री यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज के सेंटर फॉर साइंस एंड पॉलिसी के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद करेंगे। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड में अध्ययनरत भारतीय विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और क्वीन्स एलिजाबेथ स्कूल, बार्नेट का भी दौरा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story