मुख्यमंत्री सैनी ने फ्रांस में रह रहे हरियाणवियों से किया संवाद, राम नवमी की दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सैनी ने फ्रांस में रह रहे हरियाणवियों से किया संवाद, राम नवमी की दी शुभकामनाएं


चंडीगढ़, 7 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीराम हमारी संस्कृति, परंपरा और ‘भारतीयता’ के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य और मर्यादा का मार्ग दिखाता है। मुख्यमंत्री ने रामनवमी के अवसर पर फ्रांस के पेरिस में प्रवासी हरियाणवी समुदाय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के विदेश सहयोग विभाग द्वारा आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि पूरा देश भगवान राम के नाम से गुंजायमान है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक श्रीराम जन्मोत्सव की धूम है। चारों ओर भक्ति का अद्भुत वातावरण है। श्री राम नाम की धुन और भजनों की गूंज हर दिशा में सुनाई दे रही है। केवल भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी करोड़ों श्रद्धालु इस पर्व को उत्साह और उमंग से मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में निर्मित दिव्य और भव्य श्रीराम मंदिर भारत का गौरव है और देशवासियों की आस्था का केंद्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अभी भी 22 जनवरी 2024 के वे दृश्य याद हैं, जब अयोध्या में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के समय पूरा देश दिवाली मना रहा था। यह हमारे पुण्य कर्मों का ही फल है कि हम उस क्षण के साक्षी बने। राम नवमी का यह पर्व केवल भगवान राम के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य के मार्ग पर चलने वालों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन अंतत: जीत सत्य की ही होती है। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से श्री राम जन्मभूमि अयोध्या के लिए हवाई सेवा का भी उद्घाटन करेंगे।

इस संवाद कार्यक्रम में विदेश सहयोग विभाग में सलाहकार पवन कुमार चौधरी, पेरिस में फर्स्ट सेक्रेटरी (समुदाय एवं छात्र कल्याण) वर्षा निंबालकर, विश्व हिंदू परिषद फ्रांस के अध्यक्ष ललित शर्मा, विश्व हिंदू परिषद (अंतरराष्ट्रीय) के संयुक्त महासचिव और प्रमुख समन्वयक स्वामी विज्ञानानंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story