सिरसा: शहीद सुखचैन सिंह को श्रद्धांजलि देने कुत्ताबढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: शहीद सुखचैन सिंह को श्रद्धांजलि देने कुत्ताबढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री


सिरसा, 12 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को जिले के गांव कुत्ताबढ़ पहुंचे और जम्मू कश्मीर के राजौरी में हाल ही में शहीद हुए सुखचैन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। शहीद के परिजनों ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र भी सौंपा है। मुख्यमंत्री ने शहीद के परिवार से बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद का बलिदान बेकार नहीं जाएगा और हरियाणा सरकार दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि लांस नायक सुखचैन सिंह की वीरता और देशभक्ति पर हरियाणा ही नहीं, अपितु पूरे देश को गर्व है। मुख्यमंत्री के समक्ष ग्राम पंचायत ने भी अपनी बात रखी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को एक मांग सौंपी, जिसमें शहीद के अंतिम सम्मान और उनके परिवार के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी मांगें शामिल हैं।

ग्राम पंचायत की ओर से शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा गांव के सरकारी स्कूल का नाम शहीद सुखचैन सिंह के नाम पर करने व गांव के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण करवाकर उसका नाम शहीद सुखचैन सिंह द्वार रखने की मांग की है। इसके अलावा शहीद के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की गई है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने पहुंचे थे। इससे पहले वे भाजपा नेताओं के साथ गांव कुत्ताबढ़ पहुंचे और शहीद सुखचैन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पार्टी जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, जगदीश चोपड़ा, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story