घोषणाएं पूरी नहीं होने पर अधिकारियाें पर सख्त हुए मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करते समय की गई घोषणाओं के पूरा नहीं होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई है। मुख्यमंत्री ने अपनी तीस प्रतिशत लंबित घोषणाओं को तुरंत पूरा करने के लिए कार्रवाई शुरू करने के लिए कहा है।

बुधवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री निवास पर करीब तीन घंटे तक चली समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से दो टूक पूछा कि जिन घोषणाओं को पहले फिजिबल (व्यावहारिक) बताया गया था, उन्हें बाद में नाट फिजिबल (अव्यावहारिक) घोषित करने की नौबत क्यों आई। बैठक में भाजपा के 48 में से 41 विधायक शामिल हुए। राज्यसभा चुनाव में भाजपा का साथ देने के आरोप में निलंबित कांग्रेस के चार विधायक शैली चौधरी, रेणुबाला, मोहम्मद इसराइल और जरनैल सिंह भी पहुंचे। मोहम्मद इलियास बैठक में शामिल नहीं हुए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही और जानबूझकर की जाने वाली देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सीएम घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और कोई भी घोषणा अधूरी नहीं रहनी चाहिए।

बैठक में पिछले दो वर्षों के दौरान की गई सीएम घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इसमें सामने आया कि करीब 70 प्रतिशत घोषणाओं पर काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष 30 प्रतिशत पर काम अभी बाकी है। विधायकों ने मुख्यमंत्री के सामने कई ऐसे मामले रखे, जिनमें अधिकारियों ने पहले घोषणाओं को व्यवहारिक मानकर प्रक्रिया शुरू की, लेकिन बाद में उन्हें नाट फिजिबल बताकर रोक दिया गया।

इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जवाबतलबी की और ऐसी रिपोर्ट तैयार करने के पीछे के कारण पूछे। बैठक में सबसे अधिक लापरवाही आर्किटेक्ट (वास्तुकार) विभाग और तालाब विकास प्राधिकरण से जुड़ी सामने आई। इन दोनों विभागों की सीएम घोषणाओं के क्रियान्वयन से संबंधित फाइलें करीब दस-दस महीने से लंबित मिलीं। मुख्यमंत्री ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों से देरी का कारण जाना। उन्होंने साफ संदेश दिया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इनके समयबद्ध क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story