मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 16 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को यमुनानगर में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जिला स्तर के नेताओं के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने सरस्वती उद्गम स्थल श्री आदिबद्री नारायण मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की तरक्की की कामना की। उन्होंने इस मौके पर हरियाणा के विकास कार्यों की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बहनों-बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। अब तक 9 लाख 76 हजार बहन-बेटियों को 1 हजार 415 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। गरीब महिलाओं को अपनी रसोई चलाने के लिए हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के लगभग 14 लाख 38 हजार पात्र बहनों के बैंक खातों में कुल 243 करोड़ रुपये की राशि डाली जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हित हमारी नीतियों के केंद्र में है। आज किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के एक लाख 80 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। प्रदेश में फसल खराब होने पर गत 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लगभग 20 लाख 18 हजार किसानों को 22 किस्तों में 7 हजार 562 करोड़ रुपये की राशि किसानों के बैंक खातों में डाली जा चुकी है। पराली प्रबंधन के लिए किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर फसल अवशेष प्रबंधन मशीनें दी जाती हैं। वर्ष 2018-19 से अब तक 1 लाख 10 हजार 767 मशीनें किसानों को सब्सिडी पर दी जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर आय सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया गया है। पिछड़ा वर्ग-बी को पंचायती राज संस्थाओं व शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया गया है।

इस अवसर पर कुरुक्षेत्र के भाजपा जिला अध्यक्ष तेजीन्द्र सिंह गोल्डी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुभाष सुधा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, नगर निगम मेयर सुमन बहमनी, सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के वाइस चेयरमैन धूमन सिंह किरमिच, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ठसका समेत अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story