हिसार : अग्रोहा में तेल टैंकरों से अवैध तेल निकालने की शिकायत पर सीएम फ्लाइंग की रेड

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : अग्रोहा में तेल टैंकरों से अवैध तेल निकालने की शिकायत पर सीएम फ्लाइंग की रेड


हिसार : अग्रोहा में तेल टैंकरों से अवैध तेल निकालने की शिकायत पर सीएम फ्लाइंग की रेड


तीन होटल-ढाबों पर अलसुबह पहुंची टीम, खाद्य एवं

आपूर्ति विभाग जारी करेगा कारण बताओ नोटिस

हिसार, 22 सितंबर (हि.स.)। तेल टैंकरों से कथित

रूप से अवैध तरीके से पेट्रोल-डीजल निकालकर खरीदने, बेचने और उसका भंडारण करने की शिकायत

पर सीएम फ्लाइंग टीम ने मंगलवार अलसुबह अग्रोहा क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने करीब

चार बजे क्षेत्र के तीन होटल एवं ढाबों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान तेल से

संबंधित अनियमितता सामने आने पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा संबंधित होटल-ढाबा

संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज

इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार,

एएसआई सुरेंद्र तथा हेड कांस्टेबल जितेंद्र व विजय मौजूद रहे।जानकारी के अनुसार सीएम

फ्लाइंग टीम को शिकायत मिली थी कि अग्रोहा क्षेत्र से गुजरने वाले तेल टैंकरों एवं

अन्य वाहनों से कथित तौर पर चालक चोरी-छिपे पेट्रोल-डीजल निकालकर कुछ होटल एवं ढाबा

संचालकों को बाजार भाव से कम कीमत पर बेचते हैं। आरोप था कि इसके बाद इस तेल को होटल-ढाबा

संचालक आगे अन्य लोगों को बेच देते हैं और कुछ स्थानों पर तेल का अवैध रूप से भंडारण

भी किया जाता है। यह भी आशंका जताई गई थी कि इस प्रकार पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण

किए जाने से किसी भी समय आगजनी अथवा अन्य गंभीर हादसा हो सकता है। शिकायत के आधार पर

सीएम फ्लाइंग टीम ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर मंगलवार सुबह

करीब चार बजे अग्रोहा क्षेत्र में औचक जांच शुरू की।

तीन होटल-ढाबों की जांच, रिकॉर्ड और तेल की स्थिति

देखी

संयुक्त टीम ने क्षेत्र के तीन होटल एवं ढाबों

पर पहुंचकर मौके की स्थिति का निरीक्षण किया और तेल से संबंधित जानकारी जुटाई। टीम

ने यह भी जांच की कि होटल-ढाबों पर किसी प्रकार का पेट्रोल या डीजल रखा गया है या नहीं

तथा वहां तेल के संबंध में कोई अनियमित गतिविधि तो नहीं हो रही। जांच के दौरान कुछ

स्थानों पर तेल मिलने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा संबंधित होटल-ढाबा संचालकों

को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विभाग संचालकों से तेल

के स्रोत और उसके भंडारण से संबंधित जानकारी मांगेगा। नोटिस के जवाब और विभागीय जांच

के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने कहा

कि सरकार के निर्देशानुसार पेट्रोल-डीजल

की अवैध खरीद, बिक्री अथवा भंडारण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story