सीवरेज समस्या के विरोध में लोगों ने जींद-भिवानी मार्ग पर लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
सीवरेज समस्या के विरोध में लोगों ने जींद-भिवानी मार्ग पर लगाया जाम


जींद, 16 मई (हि.स.)। सीवरेज समस्या को लेकर शनिवार को अजमेर बस्ती के लोगों ने जींद-भिवानी मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सीवरेज पानी निकासी व्यवस्था बहाल करने और सीवर लाइन दुरुस्त करने की मांग की। जाम लगने की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और कालोनीवासियों की समस्या का शीघ्र निदान करने का आश्वासन दिया लेकिन कालोनीवासी अपनी मांग पर अड़े। कालोनीवासियों ने कहा कि जब तक उनकी समस्या का निदान नही होता तब तक जाम नही खोलेंगे।

जाम लगाए लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले रेलवे लाइन के नीचे से सीवरेज पानी की निकासी सुचारू रूप से होती थी। जिससे सीवरेज का पानी आसानी से निकल जाता था लेकिन रेलवे द्वारा कार्य कराए जाने के बाद निकासी बंद हो गई। परिणामस्वरूप सीवरेज का पूरा इलाका पानी में डूब जाता है। गंदा पानी घरों में घुसने, सड़कों पर जाम होने और मच्छरों के पनपने से स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ गई हैं। बच्चों और बुजुर्गों की सेहत सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है।

कालोनीवासियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि हमारी समस्या को लगातार अनसुना किया जा रहा है। प्रशासन और रेलवे विभाग की लापरवाही के कारण रोजाना परेशान हो रहे हैं। जाम के कारण जींद-भिवानी मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले को संबंधित विभागों नगर परिषद और रेलवे के संज्ञान में लाया जाएगा और जल्द बैठक कर समाधान निकाला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story