हिसार : चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाएं नागरिक : सिद्धांत जैन
हाल के दिनों में सामने आई चोरी की कई घटनाएं
हिसार, 08 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने नागरिकों से कहा है
कि वे अपने घरों, दुकानों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों तथा आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी
कैमरे अवश्य लगवाएं, ताकि चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित
किया जा सके। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में शहर के कुछ क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं
सामने आई हैं।
इन घटनाओं की जांच एवं अपराधियों की पहचान में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कैमरों की मदद से अपराधियों तक शीघ्र पहुंचना
और उनके खिलाफ कार्रवाई करना आसान हो जाता है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने साेमवार काे कहा कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी
तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन अपराधों की रोकथाम में आमजन का सहयोग भी आवश्यक है।
बाजारों,
गलियों, आवासीय कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधियों
में भय उत्पन्न करते हैं, बल्कि किसी भी घटना के समय महत्वपूर्ण साक्ष्य भी उपलब्ध
कराते हैं। एसपी ने कॉलोनी समितियों, मोहल्ला समितियों, व्यापार मंडलों, औद्योगिक इकाइयों
तथा आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने स्तर पर गुणवत्तापूर्ण सीसीटीवी कैमरे स्थापित
करें और उनकी नियमित मॉनिटरिंग व रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से
यह भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि दिखाई
दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। एसपी
ने कहा कि पुलिस नागरिकों के सहयोग से शहर को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाने के लिए
निरंतर प्रयासरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

