नागरिक सुझाव बनेंगे प्रशासनिक सुधारों का आधार

WhatsApp Channel Join Now

- हरियाणा में अक्टूबर से दिसंबर तक चलेगा ‘सुधार उत्सव’

- सुझावों पर समयबद्ध कार्रवाई, परिणामों की होगी निगरानी

चंडीगढ़, 11 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा में अब प्रशासनिक सुधारों में प्रदेश के नागरिकों की अहम भूमिका होगी। राज्य सरकार लोगों को प्रशासनिक सुधारों की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने के लिए ‘सुधार उत्सव’ आयोजित करने जा रही है। सुधार उत्सव अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान के माध्यम से ऐसे सुझावों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिनसे केवल किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में नागरिकों और पूरे समुदाय को लाभ मिल सके। इसकी शुरुआती तैयारियां इसी माह से शुरू होंगी और विभागों में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही 10 सितंबर, 2026 तक राज्य कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने मंगलवार को इसकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों से प्राप्त उपयोगी सुझाव न केवल दर्ज किए जाएं, बल्कि उनकी स्पष्ट जांच, प्राथमिकता निर्धारण और समयबद्ध क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि सुझावों को वास्तविक सुधारों में बदला जा सके और उनके परिणाम का भी आकलन किया जा सके। राज्य सरकार इस अभियान को राज्य मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए गांवों, कस्बों और शहरों तक लेकर जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें भाग ले सकें। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया केवल सुझाव एकत्र करने तक सीमित नहीं रहेगी। सुझावों पर विचार-विमर्श के बाद उन्हें ठोस कार्रवाई में बदलने और उसकी प्रगति को सुधार उत्सव की वेबसाइट पर पारदर्शी तरीके से प्रदर्शित करने की व्यवस्था की जाएगी। इस अभियान का प्रमुख चरण 2 अक्टूबर से शुरू होगा। इस दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में जन मंथन सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं में नागरिकों के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी, सांसद, विधायक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी संवाद करेंगे। 10 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विभाग प्राप्त सुझावों की समीक्षा करेंगे और उनका त्वरित तथा मध्यम अवधि में लागू किए जा सकने वाले सुधारों में वर्गीकरण करेंगे। 10 अक्टूबर से 20 दिसंबर तक चलने वाले जन समाधान चरण में मुख्य रूप से सुधारों के क्रियान्वयन पर ध्यान दिया जाएगा। अभियान का समापन 25 से 27 दिसंबर तक संकल्प सिद्धि कार्यक्रम के साथ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story