कैथल: कलायत बस अड्डे के पीछे चिट्टा बेचने की फिराक में घूम रहा युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: कलायत बस अड्डे के पीछे चिट्टा बेचने की फिराक में घूम रहा युवक गिरफ्तार


कैथल, 02 नवंबर (हि.स.)। सीआईए कलायत की टीम ने कलायत में साेमवार काे बस अड्डे के पीछे नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.11 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। आरोपी की पहचान पुंडरी के इंद्रा नगर निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में एएसआई सुमित कुमार की टीम अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि इंद्रा नगर पुंडरी निवासी रोहित कुमार हेरोइन बेचने का काम करता है और फिलहाल कलायत बस अड्डे के पीछे वाली सड़क पर नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी। इस दौरान एक युवक पुलिस टीम को देखकर तेज कदमों से वहां से निकलने और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई। इसके बाद नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई के लिए ईटीओ कैथल कंचन पांडेया को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई तो उसकी जेब में रखी पॉलीथीन से 6.11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगामी जांच पीएसआई सौरभ को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771213 Articles

Share this story