कैथल: गैंगवार की साजिश नाकाम, हथियारों सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: गैंगवार की साजिश नाकाम, हथियारों सहित पांच आरोपी गिरफ्तार


कैथल: गैंगवार की साजिश नाकाम, हथियारों सहित पांच आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 17 नवंबर (हि.स.)। कैथल पुलिस की सीआईए कलायत टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंगवार की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने तितरम चौक के आसपास हथियारों के साथ घूम रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करनाल में हुए बीरू वाल्मीकि हत्याकांड का बदला लेने के इरादे से विरोधी पक्ष के साथ हिंसक झड़प की योजना बना रहे थे। आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से विरोधी पक्ष को चुनौती भी दे रहे थे।

डीएसपी कलायत रोहताश ने बताया कि 17 नवंबर की रात सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष के नेतृत्व में पीएसआई सौरभ की टीम अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक हथियारों के साथ तितरम चौक के आसपास घूम रहे हैं। सूचना के अनुसार, आरोपियों ने सोशल मीडिया पर विरोधी पक्ष को चुनौती देने के साथ झड़प के लिए स्थान और समय भी तय कर रखा था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तितरम-सारण रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए पांचों को मौके पर ही काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर निवासी क्योड़क, नसीब निवासी राजनगर टोहाना, अमरजीत उर्फ अभिषेक निवासी जांडली कलां, दर्शन निवासी बुवान तथा अजय निवासी राजनगर टोहाना, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है।

एक देसी कट्टा, कारतूस और धारदार हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान सागर के कब्जे से 315 बोर का एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। नसीब और अमरजीत के पास से एक-एक चाकू, अजय से एक तलवार तथा दर्शन के कब्जे से लकड़ी का डंडा बरामद हुआ। इसके अलावा चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। जांच में सामने आया कि एक मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं थी तथा उसके इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल के संबंध में आरोपी सागर ने उसे चंडीगढ़ से चोरी करना बताया।

बीरू वाल्मीकि हत्याकांड का बदला लेने की थी योजना

डीएसपी रोहताश ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने करनाल में हुए बीरू वाल्मीकि हत्याकांड का बदला लेने के लिए विरोधी पक्ष के साथ गैंगवार करने की योजना बनाने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ थाना तितरम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। सीआईए कलायत की तत्परता से संभावित गैंगवार और बड़ी वारदात टल गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story