नूंह पुलिस ने पकड़ा गांजा,तस्कर हुआ फरार

WhatsApp Channel Join Now
नूंह पुलिस ने पकड़ा गांजा,तस्कर हुआ फरार


नूंह, 21 जुलाई (हि.स.)। अपराध जांच शाखा तावडू टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक किलो 752 ग्राम गांजा बरामद किया है । आरोपी मौके पर नहीं मिला। थाना सदर तावडू में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। नूंह पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि 20 जुलाई की रात उप-निरीक्षक प्रदीप कुमार प्रभारी अपराध शाखा तावडू के नेतृत्व में गठित एक टीम बाईपास रोड ढिडारा मोड़ तावडू क्षेत्र में गश्त और अपराधों की पड़ताल कर रहे थे।

इसी दौरान एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि इसुप निवासी उटावड़ जिला पलवल जो वर्तमान में रेलवे लाइन के पास गुरनावट क्षेत्र में रहता है, नशीले पदार्थ गांजे की खरीद-फरोख्त करता है और अपने घर के बाहर खड़े होकर ग्राहकों को गांजा बेच रहा है। सूचना के बाद पुलिस जब आरोपी के घर के निकट पहुंची तो आरोपी हाथ में एक पॉलीथीन लिए घर के दरवाजे पर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस की सरकारी गाड़ी को देखते ही उसने पॉलीथीन घर के दरवाजे के पास फेंक दी और अंधेरे का फायदा उठाकर गांव की तंग गलियों में फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने नियम अनुसार बरामद पॉलीथीन की जांच की गई, जिसमें गांजा पाया गया। जो कुल एक किलो 752 ग्राम निकला। पुलिस ने आरोपी इसुप के खिलाफ थाना सदर तावडू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story