यमुनानगर:नदी-नालों से दूर रखें बच्चे, एसपी ने जारी की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:नदी-नालों से दूर रखें बच्चे, एसपी ने जारी की चेतावनी


यमुनानगर, 24 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में हाल के दिनों में जल स्रोतों के आसपास हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही घातक साबित हो सकती है।

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने मंगलवार को जारी जानकारी में कहा कि देखने में आया है कि कई बच्चे खेलते-खेलते या वीडियो बनाने के दौरान नदी, नालों और अन्य जल स्रोतों के समीप पहुंच जाते हैं। ऐसे स्थानों पर फिसलन, गहराई और तेज बहाव के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार बच्चे इन खतरों का आंकलन नहीं कर पाते और अनजाने में जोखिम उठा लेते हैं। पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की दिनचर्या पर नजर रखें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ही खेलने के लिए प्रेरित करें।

साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि बच्चे बिना जानकारी के घर से बाहर न जाएं और किसी भी स्थिति में जल स्रोतों के पास न पहुंचें। उन्होंने कहा कि बच्चों को जागरूक करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि वे स्वयं संभावित खतरों को समझ सकें और सतर्क रहें।

प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है और लोगों को जागरूक करने के प्रयास लगातार जारी हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अधिकारियों ने दोहराया कि थोड़ी सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिक सतर्कता बरतें और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story