जींद: स्मॉग ने बढाई परेशानी, आबोहवा बनी जहरीली

WhatsApp Channel Join Now
जींद: स्मॉग ने बढाई परेशानी, आबोहवा बनी जहरीली


जींद, 14 नवंबर (हि.स.)। दिवाली के बाद से शहर का वातावरण जहरीला बना हुआ है। शनिवार को पूरा दिन सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए और मौसम स्मॉगी बना रहा। फसल अवशेष जलने और दीवाली पर पटाखों के जहरीले धुएं की वजह से आंखों में जलन महसूस होने लगी है। वहीं बच्चों और वृद्धों को सांस लेने में परेशानी होने लगी है। तीन दिन से एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) ओस्त तौर पर 300 तक पहुंच गई है।

प्रदूषण बढऩे के कारण शनिवार को वातावरण में स्मॉग भी छाया रहा। स्मॉग से जहां सांस लेने में दिक्कत हुई वहीं आंखों में भी जलन रही। सुबह के समय जिन दोपहिया वाहन चालकों ने हैलमेट नहीं पहन रखा था, उनकी आंखों से पानी रूकने का नाम ही नहीं ले रहा था। सुबह के समय वाहन लाइट जला कर चलते हुए नजर आए। सुबह, शाम दोपहिया वाहन चलाते हुए आंखों से पानी निकल रहा है। इसके साथ ही सांस लेने में भी परेशानी होने लगी है। दीपावली के बाद से जींद का एक्यूआई 270 से ऊपर चल रहा है जो बहुत बुरी स्थिति में माना जाता है। शनिवार को जींद का एक्यूआई 313 रहा। 301-400 वैरी पूअर (लंबे समय तक एक्सपोजर पर सांस की बीमारी होने का खतरा) की श्रेणी में आता है। वहीं अधिकतम तापमान 30 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा। जबकि हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटा व मौसम में आद्रता 39 प्रतिशत रही। ऐसे में अब आमजन सरकार तथा प्रशासन की तरफ राहत की उम्मीद लगाए देख रहा है। जगह-जगह लगाई जा रही आग पर रोक लगाने, सड़क किनारे वृक्षों पर पानी का छिड़काव करवाने, चल रहे निर्माण कार्यों की साइटों पर भी समय-समय पर पानी का छिड़काव करवाए जाने की मांग उठने लगी है ताकि धूल कण हवा में न उड़ सकें और पर्यावरण प्रदूषित न हो। नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर पूनिया ने वायु प्रदूषण की अधिकता को देखते हुए लोगों को मास्क लगाने का सुझाव दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story