सोनीपत: बिजली के खंभे में करंट आने से दस वर्षीय बच्चे की मौत
सोनीपत, 15 अगस्त (हि.स.)। बारोटा
गांव में ड्रेन नंबर-आठ के पास बिजली के खंभे में करंट आने से करीब
दस वर्षीय बच्चे अंकित कुमार की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब अंकित अपने दोस्तों
के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने बिजली के खंभे को छू लिया। खंभे में करंट प्रवाहित
होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। करंट लगने से उसके
हाथ और मुंह भी झुलस गए।
अंकित
का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निगोही क्षेत्र के सफौरा
चक गांव का रहने वाला है। परिवार फिलहाल बारोटा गांव में किराये के मकान में रहता है।
उसके पिता मजदूरी करते हैं। अंकित आठवीं कक्षा में अकबरपुर बारोटा स्थित सरकारी स्कूल
में पढ़ता था। वह दो भाइयों और एक बहन में छोटा था।
परिजनों
के अनुसार, अंकित 14 अगस्त को दोपहर बाद दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था।
करीब दो घंटे बाद बिजली का करंट लगने की सूचना मिली। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस
मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस
के अनुसार, 14 अगस्त को शाम करीब चार बजे बारोटा पुलिस चौकी को डायल-112 की ईआरवी-715
से सूचना मिली थी। सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर
पहुंचे।
मृतक के पिता ने लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर देर रात थाना कुंडली में
मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी
बुलाया। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बिजली के खंभे में करंट किन परिस्थितियों
में आया और हादसे के लिए बिजली व्यवस्था में तकनीकी खामी या किसी की लापरवाही जिम्मेदार
है या नहीं। परिजनों
ने बिजली निगम के संबंधित कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग
की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई जगह बिजली के तार नीचे लटके हुए हैं और
कुछ स्थानों पर चिंगारी निकलने की शिकायत भी रहती है। इससे लोगों में हादसे का डर बना रहता है।
पुलिस
का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों
और एफएसएल की जांच के आधार पर हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। मामले में तथ्यों
के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

