मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेवात रैली में खाेला घोषणाओं का पिटारा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेवात रैली में खाेला घोषणाओं का पिटारा


नूंह, 25 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नूंह जिले के पुन्हाना स्थित नई अनाज मंडी में शनिवार को आयोजित मेवात विकास संकल्प रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए मेवात क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पुन्हाना की यह धरती एक नए युग की शुरुआत की साक्षी बन रही है। उन्होंने रैली में मौजूद बुजुर्गों, माताओं, बहनों और युवाओं का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में सभी की भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्षों तक मेवात क्षेत्र उपेक्षा का शिकार रहा, लेकिन आज यह क्षेत्र अपनी नई पहचान बना रहा है। यह बदलाव जनता के विश्वास, सहभागिता और डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक केवल पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में ही लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। इस क्षेत्र के लिए की गई 99 घोषणाओं में से 85 पूरी की जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में 21 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को मेवात कैडर के 1493 जेबीटी अध्यापकों का परिणाम घोषित हुआ है और उन्हें जल्द ही नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इसके अलावा कई गांवों में 9.91 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन, कनेक्शन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं तथा 9.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्रशासनिक भवन का निर्माण कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। पिछले एक वर्ष में लगभग 50 हजार युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नूंह को आकांक्षी जिला घोषित कर विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं।

रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने मांग पत्र में शामिल गांवों की ड्रेनों पर बने वीआर पुलों के पुनर्निर्माण, पुनहाना ब्लॉक के पांच वीआर पुलों को बदलने, गांव पिनंगवा के स्पोर्ट्स स्टेडियम के नवीनीकरण तथा पिनंगवा या पुन्हाना में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए कमेटी गठित करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बताया कि महाग्राम योजना के तहत गांव पिनंगवा में जल वितरण का कार्य कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सब हेल्थ सेंटर के लिए 2.40 करोड़ रुपये, सिंगार वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में साइंस स्ट्रीम शुरू करने, 84 कोस परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ रुपये, दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम का डिवीजन और सब-डिवीजन कार्यालय खोलने तथा बिजली विभाग के 32 विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका पुन्हाना में 16.85 करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम एवं मल्टीपरपज हॉल तथा 13.57 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा मार्केट बोर्ड की 35 किलोमीटर लंबी 11 सड़कों की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों के विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकास की यह गति न रुकी है और न रुकेगी। मैं पुन्हाना की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले वर्षों में जब हरियाणा के विकास की चर्चा होगी, तब लोग कहेंगे कि मेवात ने इतिहास बदल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story