मुख्यमंत्री ने नूंह में 16 अमृत सरोवरों व जिला अस्पताल के नवीनीकरण का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने नूंह में 16 अमृत सरोवरों व जिला अस्पताल के नवीनीकरण का किया लोकार्पण


नूंह, 01 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को प्रदेशभर के विकसित 325 अमृत सरोवरों का ऑनलाइन लोकार्पण किया। वहीं नूंह जिले के 16 अमृत सरोवरों व जिला अस्पताल के नवीनीकरण का ऑनलाइन लोकार्पण किया। नूंह जिला सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें फिरोजपुर झिरका से पूर्व विधायक एवं प्रदेश मंत्री भाजपा नसीम अहमद ने लोकार्पण किया।

भाजपा प्रदेश मंत्री नसीम अहमद ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के द्वारा नारायणगढ़ में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के द्वारा नूंह जिले में लगभग 8 करोड़ 72 लाख 78 हजार रुपये की लागत से विकसित 16 अमृत सरोवरों का भी ऑनलाइन लोकार्पण किया गया। नसीम अहमद ने बताया कि अमृत सरोवर योजना के तहत जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन सरोवरों का विकास किया गया है।

उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल संसाधनों का संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी। वही उन्होंने कहा कि नूंह के जिला नागरिक अस्पताल के नवीनीकरण उपरांत उसका भी ऑनलाइन लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में संबंधित विभागों के आधिकारिक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story