हरियाणा की मिट्टी में केवल अन्न ही नहीं, चैंपियन भी पैदा होते हैं : नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा की मिट्टी में केवल अन्न ही नहीं, चैंपियन भी पैदा होते हैं : नायब सैनी


हरियाणा की मिट्टी में केवल अन्न ही नहीं, चैंपियन भी पैदा होते हैं : नायब सैनी


- मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ के पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को किया सम्मानित

चंडीगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पंचकूला में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के पदक विजेताओं एवं प्रतिभागियों के सम्मान समारोह में खिलाडय़िों को सम्मानित किया। इस अवसर पर 24 खिलाड़ियों को 13 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियाें की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि किसी खिलाड़ी की कहानी पदक से शुरू नहीं होती। उसकी कहानी उस मिट्टी से शुरू होती है, जहां उसने पहली बार दौड़ना सीखा। हरियाणा की मिट्टी की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यहां खेतों में सिर्फ अन्न नहीं उगता, यहां चैंपियन भी पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि इन खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 122 खिलाडय़िों में 24 खिलाड़ी हरियाणा के थे और इनमें से लगभग हर दूसरा खिलाड़ी पदक लेकर लौटा। हरियाणा के खिलाडिय़ों ने कुल 11 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रकार देश की कुल पदक संख्या में हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान 28 प्रतिशत से अधिक रहा है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए 11 पदकों में से 6 पदक बेटियों के हैं, जिनमें 5 स्वर्ण पदक शामिल हैं। मुक्केबाजी रिंग में भी हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा और भारत के 7 स्वर्ण पदकों में से 6 स्वर्ण हरियाणा के खिलाड़ियाें ने जीते।

अब तक 260 खिलाड़ियों को दी सरकारी नौकरियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियमों के तहत अब तक 260 उत्कृष्ट खिलाडय़िों को ग्रुप-ए, बी और सी की सरकारी नौकरियां दी गई हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज 24 खिलाडिय़ों को 13 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए हैं। पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रदेश के 17 हजार 544 खिलाड़ियों को 742 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग 1100 करोड़ रुपये खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किए गए हैं। खेल विभाग का बजट बढ़ाकर 668 करोड़ 42 लाख रुपये किया गया है, जो वर्ष 2013-14 में केवल 163 करोड़ रुपये था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story