हिसार: भाजपा गठबंधन सरकार ने विकास की बजाए लोगों से फरेब किया: अभय चौटाला

परिवर्तन पदयात्रा के तहत जनता से रूबरू हुए इनेलो विधायक
हिसार, 26 मई (हि.स.)। इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा गठबंधन सरकार ने विकास की बजाय जनता से फरेब किया है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस से और अब भाजपा गठबंधन से जनता निराश हो चुकी है और यही कारण है कि जनता अब खुलकर इनेलो का साथ दे रही है। वे शुक्रवार को परिवर्तन पदयात्रा के तहत जिला के बरवाला विधानसभा के गांव खोखा, नियाना, मिर्जापुर से सुलखनी तक ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक नया तुगलकी फरमान और जारी कर रखा है, जिसका बैंक में खाता है उसे अपने आधार कार्ड के साथ पैन कार्ड को लिंक करवाना पड़ेेगा। पैन कार्ड तो उन लोगों का बनता है जो टैक्स भरते हैं, जो उद्योगपति कहलाते हैं और जिनकी फैक्ट्रियां चलती हैं या फिर जो नौकरियां करते हैं जिनकी आय टैक्स के दायरे में आती है। खेत में काम करने वाले और मजदूरी करने वालों को पैन कार्ड की क्या जरूरत है लेकिन जबरदस्ती इनसे 1100 रूपए लिए जा रहे हैं और यह भी कहते हैं कि ऐसा नहीं किया गया तो 10-10 हजार रूपए जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार के इस फैसले का विरोध किया और कहा कि सरकार इस गलत फैसले को तुरंत वापिस ले।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार का दोगला चेहरा लोगों के सामने आ रहा है। भाजपा गठबंधन सरकार ने गरीबों और जरूरतमंदों के राशनकार्ड काट दिए। बीपीएल परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं में रोड़े अटका दिए हैं। भाजपा गठबंधन सरकार ने विकास की बजाए लोगों से फरेब किया है। यही कारण है कि पिछले करीब 18 साल से पहले कांग्रेस ने और अब भाजपा-जजपा सरकार ने पूरे प्रदेश को लूट कर न केवल खोखला कर दिया है बल्कि विकास की दृष्टि से भी उजाड़ दिया है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान उन्हें लोगों के बीच में रहने का मौका मिला, लेकिन हैरान करने वाली बात ये है कि चाहे गांव हो अथवा शहर, सभी विकास के लिहाज से उपेक्षित ही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।