सोनीपत में 13 चिकित्सकों को चार्जशीट देने के विरोध में चिकित्सकों की हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत में 13 चिकित्सकों को चार्जशीट देने के विरोध में चिकित्सकों की हड़ताल


- दो घंटे तक जिला नागरिक अस्पताल से लेकर ग्रामीण स्वास्थ्य

केंद्रों में प्रभावित रही ओपीडी सेवाएं

सोनीपत, 19 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत में तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सहित

13 सरकारी चिकित्सकों को हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम-8 के तहत चार्जशीट

जारी करने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को जिलेभर के सरकारी चिकित्सकों

ने हड़ताल की। मेडिकल ऑफिसर और डेंटल सर्जन सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे की सांकेतिक

हड़ताल पर रहे। इसके चलते जिला नागरिक अस्पताल से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य

केंद्रों तक ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं।

हड़ताल के कारण सुबह से ही अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़

गई। दूर-दराज के गांवों से इलाज कराने पहुंचे बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे डॉक्टरों के

कमरों के बाहर इंतजार करते रहे। पंजीकरण काउंटरों पर भी मरीजों की कतारें लगी रहीं।

जिला नागरिक अस्पताल के अलावा उपमंडल स्तर के अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों

और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुईं। दो घंटे तक डॉक्टरों

के काम नहीं करने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। सुबह 11 बजे हड़ताल समाप्त होने

के बाद चिकित्सक अपने काम पर लौटे और मरीजों को इलाज मिलना शुरू हुआ।

चिकित्सकों ने प्रदर्शन के दौरान सरकार की कार्यप्रणाली पर

नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सरकारी डॉक्टर सीमित संसाधनों के बावजूद दिन-रात स्वास्थ्य

सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा। चिकित्सकों

ने आरोप लगाया कि बिना उचित कारण उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। तत्कालीन

सीएमओ सहित 13 चिकित्सकों को चार्जशीट देने की प्रस्तावित कार्रवाई को उन्होंने अन्यायपूर्ण

बताया।

चिकित्सकों ने चेतावनी दी कि जब तक चार्जशीट जारी करने की

कार्रवाई वापस नहीं ली जाती, उनका विरोध जारी रहेगा। इस मामले में प्रदेश स्तरीय कमेटी

के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में आगे की रणनीति तय कर बड़े आंदोलन का फैसला लिया जा

सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story