हिसार : डॉ. दीपक कुमार तिवारी को लुवास लाइब्रेरियन का प्रभार

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : डॉ. दीपक कुमार तिवारी को लुवास लाइब्रेरियन का प्रभार


रजिस्ट्रार डॉ. आरएन चौधरी से मिली जिम्मेदारी

हिसार, 17 सितंबर (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय

(लुवास), में पशु शल्य चिकित्सा एवं रेडियोलॉजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. दीपक कुमार

तिवारी को विश्वविद्यालय के लाइब्रेरियन का प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आरएन चौधरी संभाल रहे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर

से जारी आदेश के अनुसार डॉ. तिवारी आगामी आदेश तक लाइब्रेरियन के रूप में कार्य करेंगे।

डॉ. दीपक कुमार तिवारी ने वर्ष 2006 में जेएनकेवीवी, जबलपुर से बीवीएससी एवं

एएच, वर्ष 2008 में एमवीएससी तथा वर्ष 2012 में आनंद कृषि विश्वविद्यालय, आनंद, गुजरात

से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। वे लुवास के पशु शल्य चिकित्सा एवं रेडियोलॉजी विभाग

में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं और पशु चिकित्सा शिक्षा एवं पशु शल्य चिकित्सा

के क्षेत्र में शिक्षण व अकादमिक अनुभव रखते हैं।

लुवास की लाइब्रेरी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों का महत्वपूर्ण

केंद्र है। डॉ. तिवारी को प्रभार मिलने से लाइब्रेरी के कार्यों में निरंतरता बनाए

रखने के साथ विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को शैक्षणिक एवं शोध संसाधन उपलब्ध

कराने में मदद मिलेगी।

कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने गुरुवार काे डॉ. तिवारी को नई जिम्मेदारी के लिए

शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी विद्यार्थियों और शोधार्थियों

के लिए ज्ञान एवं शोध संसाधनों का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि

डॉ. तिवारी अपने शैक्षणिक एवं अकादमिक अनुभव का उपयोग करते हुए लाइब्रेरी के कार्यों

को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों, शोध सामग्री और

आधुनिक डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता तथा उनके प्रभावी उपयोग को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक

वातावरण को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. आरएन चौधरी

तथा असिस्टेंट लाइब्रेरियन डॉ. अमनदीप भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story