हरियाणा में पहली बार सैकड़ों खेल नर्सरियों की सौगात, युवाओं को मिलेगा नया मंच
-गांव-गांव से उभरेगी प्रतिभा
चंडीगढ़, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिला में खेलों को नई दिशा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। पहली बार हरियाणा में बड़े स्तर पर खेल नर्सरियों की बड़ी सौगात मिली है, जिससे जिले और गांव के युवाओं के लिए खेलों में आगे बढ़ने के नए अवसर खुलेंगे। यह पहल हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने प्रदेश में खेलों के विकास को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वाकांक्षी योजना को साकार किया।
इन खेल नर्सरियों के माध्यम से हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं, पेशेवर प्रशिक्षण, बेहतर डाइट और आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि वे अपने कौशल को निखारकर बड़े मंच तक पहुंच सकें। इस पहल से न केवल जिले में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा। आने वाले समय में हरियाणा जिले के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम होंगे।
गौतम ने कहा कि यह पहल हरियाणा को खेल मानचित्र पर एक मजबूत और उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। युवाओं को सही दिशा, संसाधन और अवसर मिलने से जिले का भविष्य उज्जवल होगा और हरियाणा की ‘स्पोट्र्स पावरहाउस’ की पहचान और मजबूत होगी।
खिलाडिय़ों को सम्मान और प्रोत्साहन में अग्रणी
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के मामले में देश में अग्रणी है।
राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को आकर्षक नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरियां और अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को हरियाणा में अन्य राज्यों की तुलना में अधिक सम्मान और इनाम मिलता है। यही कारण है कि छोटे-छोटे गांवों से निकलकर खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेल नर्सरियों, आधुनिक स्टेडियमों और प्रोफेशनल कोचिंग सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए डाइट, प्रशिक्षण और खेल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उनकी तैयारी में कोई कमी न रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

