हरियाणा विस काे मिली विदेशी शिष्टमंडल के अध्ययन दौरे की जिम्मेदारी
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। लोकसभा ने एक विदेशी शिष्टमंडल के अध्ययन दौरे की जिम्मेदारी हरियाणा विधानसभा सचिवालय को सौंपी है। यह अध्ययन दौरा 16 अप्रैल को चंडीगढ़ से शुरू होगा, जबकि इसका समापन 21 अप्रैल को गुरुग्राम में होगा।
जानकारी के अनुसार इस शिष्टमंडल में 14 देशों के संसदीय व न्यायिक प्रणाली से जुड़े 28 उच्च अधिकारी शामिल होंगे। जिन देशों के अधिकारी इस दौरे पर आएंगे, उनमें कोट, डी-आइवर, इक्वाडोर, ग्वाटेमाला, होंडुरस, मालदीव, मंगोलिया, म्यांमार, नाइजर, नाइजीरिया, श्रीलंका, तंजानिया, जाम्बिया, जिम्बाब्वे शामिल हैं। यह
शिष्टमंडल 16 अप्रैल को नई दिल्ली से सड़कमार्ग से लोकसभा सचिवालय के उच्च अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ पहुंचेगा। हरियाणा विधानसभा सचिवालय की ओर से इनके ठहरने का प्रबंध चंडीगढ़ यूटी गेस्ट हाउस और पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में किया है। दौरे की शुरुआत 16 अप्रैल को विधानसभा सचिवालय की सभी शाखाओं के अधिकारियों के साथ मीटिंग से होगी।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने इस बारे में अधिकारियों को उचित व्यवस्था व तालमेल करने के आदेश दिए हैं। इस शिष्टमंडल के साथ लोकसभा के 10 वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। यह शिष्टमंडल संसदीय प्रणाली के अध्ययन के लिए भारत के दौरे पर है। हरियाणा के दौरे का विस्तृत विवरण तैयार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा