चंडीगढ़: विदेशों में छिपे 20 अपराधियों के प्रत्यर्पण की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

-10 अपराधियों को विदेशों में किया डिटेन

-हरियाणा पुलिस ने इंटरपोल व केंद्रीय एजेंसियों से मांगी मदद

चंडीगढ़, 29 मार्च (हि.स.)। विदेशों में बैठकर हरियाणा में फिरौती मांगने तथा साइबर क्राइम का संचालन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई शुरू होने जा रही है। हरियाणा पुलिस ने विदेश में छिपे अपराधियों की सूची केंद्रीय एजेंसियों को भेजकर इंटरपोल की मदद मांगी है। इस संबंध में हरियाणा पुलिस की एक विशेष टीम लगातार केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल कर रही है।

हरियाणा में वर्ष 2024 के दौरान फिरौती मांगने के 178 तथा 2025 में 107 मामले सामने आए हैं। इनमें से ज्यादातर मामले विदेशों में बैठे अपराधियों से लिंक मिले हैं। पनामा के जंगलों समेत कई देश ऐसे हैं जहां भारतीय कानूनों की मान्यता नहीं है और भारत के साथ संधि नहीं है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा पिछले साल 17 अपराधियों को डिपोर्ट करवाया गया है और भारत में बैठकर फिरौती मांगने व साइबर क्राइम गिरोह चलाने वाले 793 अपराधियों को पकड़ा गया है।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के अनुसार, 115 अपराधियों को लुक आउट नोटिस जारी करवाए गए हैं। 20 अपराधी ऐसे हैं जो विदेश में बैठकर हरियाणा में अपनी अपराधिक गतिविधयों को अंजाम दे रहे हैं। 10 अपराधियों को विदेशी पुलिस के मदद से वहां पर डिटेन करवाया जा चुका है। इन अपराधियों को भारत लाने के लिए केंद्रीय एजेसियों की मदद से इंटरपोल व अन्य विदेशी एजेंसियों को पत्र लिखा गया है। डीजीपी ने बताया कि बहुत जल्द विदेशों से कई अपराधियों को भारत लाकर उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। यह प्रक्रिया में तेजी से चल रही है। जल्द ही सिरे चढ़ाया जाएगा।

---

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story