हिसार : सावन में तरसे, अब भादो में बारिश के आसार
सोमवार से बदलेगा प्रदेश का मौसम, तीन के बाद मानसून के और सक्रिय होने की
संभावना
हिसार, 30 अगस्त (हि.स.)। सावन माह में अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हरियाणा
के लोगों को अब भादव में राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सावन में मानसून की बेरुखी के
बाद अब भादव माह में मौसम करवट लेने जा रहा है और आने वाले दिनों में झमाझम बारिश के
आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां
कुछ बढ़ सकती हैं, जबकि तीन सितंबर के बाद इसके और सक्रिय होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून टर्फ की अक्षीय रेखा अमृतसर, नजीबाबाद, हरदोई,
सुल्तानपुर, डालटागंज और पूर्णिया से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी
हुई है। वहीं पाकिस्तान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है।
इन दोनों मौसम
प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना
जताई गई है।
एचएयू के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने रविवार काे बताया कि 31 अगस्त
की रात से दो सितंबर तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहने के साथ बीच-बीच में बादलवाही
होने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं हवाओं और गरज-चमक के साथ
हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तरी और दक्षिणी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की
बारिश के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि तीन सितंबर के बाद मानसून की सक्रियता बढ़ सकती
है, जिससे प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में भादव के शुरुआती
दिनों में कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश होने से जहां उमस
और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं किसानों को भी इसका फायदा मिल सकता है।
मौसम में बदलाव के साथ दिन के तापमान में हल्की गिरावट, जबकि रात के तापमान
में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। यानी आने वाले दिनों में दिन के समय गर्मी
से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन रात में उमस का असर बना रह सकता है। सावन में बारिश की कमी
के बाद अब भादव में मानसून के मेहरबान होने की उम्मीद ने किसानों और आम लोगों को राहत
की उम्मीद दी है। हालांकि फिलहाल बारिश छिटपुट रहने का अनुमान है, लेकिन 3 सितंबर के
बाद मानसून की सक्रियता बढ़ने पर प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल
सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

