सिरसा: महिलाओं की सुरक्षा व अधिकारों की रक्षा महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता: ऊषा प्रियदर्शी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: महिलाओं की सुरक्षा व अधिकारों की रक्षा महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता: ऊषा प्रियदर्शी


सिरसा, 25 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऊषा प्रियदर्शी ने जिले के विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण कर महिलाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुविधाओं, सुरक्षा एवं शिकायतों के निवारण की स्थिति का जायजा लिया।

सिरसा सिविल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला मरीजों एवं नवजात शिशुओं को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। महिला मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याओं, उपचार के अनुभव तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में सफाई, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा भी की।

सरकारी प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि चेयरपर्सन द्वारा महिला थाना के निरीक्षण के दौरान महिलाओं से संबंधित शिकायतों, उनकी सुनवाई, पुलिस स्तर पर की जा रही कार्रवाई तथा मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। उन्होंने महिलाओं की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक मजबूत एवं संवेदनशील बनाने पर जोर दिया। इस दौरान सभी संस्थानों की व्यवस्थाओं की समग्र समीक्षा की गई। जहां भी किसी प्रकार की कमी या कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता सामने आई, उसे दूर कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को परखना, कमियों को चिन्हित करना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक महिला को सुरक्षित, बेहतर व सम्मानजनक वातावरण मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story