कैथल: सीमेंट सप्लाई के नाम पर लाखों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 14 अगस्त (हि.स.)। सीमेंट की डीलरशिप और सस्ती दर पर सीमेंट सप्लाई करने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम हासिल करने के लिए किया गया था।
गांव रामदास सैर निवासी सर्वजीत सिंह की कांगथली मेन रोड पर सीमेंट की दुकान है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक करीब 12 दिन पहले उसकी ऑनलाइन माध्यम से योगेश पटेल नाम के व्यक्ति से सीमेंट खरीदने को लेकर बातचीत हुई थी। आरोपी ने सीमेंट की डीलरशिप देने के नाम पर पहले 1.25 लाख रुपये जमा करवाने को कहा।
सर्वजीत ने बताए गए खाते में अलग-अलग किस्तों में 75 हजार और 50 हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद उसे 1000 कट्टे सीमेंट भेजने का भरोसा दिया गया और एडवांस भुगतान के नाम पर 2.45 लाख रुपये और मांगे गए। शिकायतकर्ता ने छह जनवरी 2026 को यह रकम भी बताए गए खाते में जमा कर दी। इस तरह उसने कुल 3.70 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
रकम मिलने के बाद न तो सीमेंट भेजा गया और न ही पैसे वापस किए गए। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उससे 18 प्रतिशत जीएसटी के नाम पर और पैसे मांगे गए। इसके बाद भी भुगतान नहीं किया गया और कथित तौर पर धमकी दी गई। मामले की शिकायत के आधार पर थाना सीवन में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों की जानकारी जुटाई और उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के गांव अहिकौरा निवासी प्रमोद कुमार तथा जय प्रकाश नगर निवासी विशाल सिंह को गिरफ्तार किया। थाना साइबर प्रभारी पीएसआई रवि कुमार की अगुवाई में एसआई रविंद्र कुमार की टीम ने दोनों आरोपियों को काबू किया। पुलिस के अनुसार मामले में शिकायत में बताई गई रकम के अलावा बैंक खातों में हुई अन्य संदिग्ध लेन-देन की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

