सिरसा: सीडीएलयू ने किया तीसरी बार ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: सीडीएलयू ने किया तीसरी बार ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा


सिरसा, 28 फ़रवरी (हि.स.)। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा (सीडीएलयू) के विद्यार्थियों ने केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव स्पंदन-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की है।

सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने शनिवार को विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि लगातार तीसरे वर्ष यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार ओवरऑल ट्रॉफी जीतना यह दर्शाता है कि सीडीएलयू के विद्यार्थी केवल अकादमिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक मंचों पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं। यह पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. सुनील कुमार ने इस उपलब्धि पर कहा कि विद्यार्थियों, निदेशालय युवा कल्याण एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों से ही यह ऐतिहासिक सफलता संभव हो पाई है। युवा कल्याण विभाग की निदेशक डॉ. मंजू नेहरा ने विद्यार्थियों कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उल्लेखनीय है कि सीडीएलयू ने लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, लाइट म्यूजिक (वोकल), शास्त्रीय वाद्य (ताल एवं अतार), वेस्टर्न ग्रुप सोंग, वेस्टर्न वोकल एवं इंस्ट्रुमेंटल सोलो, ऑर्केस्ट्रा, क्ले मॉडलिंग, पोस्टर मेकिंग, इंडियन ग्रुप सोंग, स्पॉट फोटोग्राफी एवं शास्त्रीय वोकल सोलो में प्रथम स्थान प्राप्त किए। इसके अतिरिक्त कार्टूनिंग, हिंदी कविता, रंगोली, कोलाज, हिंदी एलोक्यूशन एवं अंग्रेज़ी कविता में द्वितीय स्थान, जबकि मेहंदी एवं पेंटिंग में तृतीय स्थान हासिल किया।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story