यमुनानगर:अपराध नियंत्रण के लिए सीसीटीवी जरूरी, एसपी ने की जनसहयोग की अपील
यमुनानगर, 19 अप्रैल (हि.स.)।यमुनानगर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी के लिए आम नागरिकों से अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की अपील की है।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगे कैमरों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उपयोग किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना के बाद जांच की शुरुआती कड़ी के रूप में सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इसके माध्यम से संदिग्धों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई संभव हो पाती है। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से अपराध नियंत्रण और जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी हुई है।
उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में कैमरे लगने से न केवल घटनाओं की निगरानी आसान होती है, बल्कि असामाजिक तत्वों में भय भी बना रहता है। उन्होंने विशेष रूप से दुकानदारों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों के बाहर कम से कम दो कैमरे लगाएं, ताकि सड़क पर होने वाली गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि कई मामलों में देखा गया है कि अपराधी वारदात के बाद कैमरों को क्षतिग्रस्त कर देते हैं, जिससे जांच प्रभावित होती है।
इसलिए बेहतर गुणवत्ता वाले कैमरे लगाना आवश्यक है, ताकि स्पष्ट तस्वीरें प्राप्त हो सकें और पहचान में कठिनाई न आए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
जिले में स्थापित कैमरों के माध्यम से निगरानी को और मजबूत किया जा रहा है, जिससे महिला सुरक्षा सहित कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहायता मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

