यमुनानगर:नशे के विरूद्ध सर्च ऑपरेशन में पुलिस को मिली पुरानी करेंसी समेत लाखों की नकदी
यमुनानगर, 06 जून (हि.स.) यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र के गांव सारण में शनिवार को पुलिस ने एक युवक के घर से 10 लाख 37 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। इनमें करीब साठ हजार रुपये बंद हो चुकी पुरानी करेंसी भी शामिल है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने गांव सारण में तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान सुभाष नामक युवक के घर से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित युवक के पास आय का कोई स्पष्ट साधन नहीं है और वह वर्तमान में बेरोजगार है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इतनी बड़ी राशि घर में रखे जाने तथा उसके स्रोत को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। इसी कारण बरामद नकदी के संबंध में विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह धनराशि कहां से आई, इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था तथा क्या इसका संबंध किसी अवैध गतिविधि से है। डीएसपी रजत गुलिया ने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि बरामद नकदी और अन्य दस्तावेजों को जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न तथ्यों को खंगालने में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

