जींद : कागज की गड्डियों को नोट बता कर ठगी करने के तीनों आरोपित गए जेल

WhatsApp Channel Join Now
जींद : कागज की गड्डियों को नोट बता कर ठगी करने के तीनों आरोपित गए जेल


जींद, 24 मई (हि.स.)। सदर थाना नरवाना पुलिस द्वारा कागज की गड्डियों को नोट बता कर ठगी करने के तीनों आरोपितों को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने तीनों को जिला कारागार भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। 2017 में इन्होंने बिहार व राजस्थान में लोगों को असली नोट के बदले नकली नोट दिए थे।

इनका ठगी का धंधा काफी पुराना है। अब काफी दिनों बाद इन्होंने नरवाना में यह काम शुरू किया था लेकिन पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर थाना नरवाना प्रभारी कमल सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि 22 मई को उन्हें सूचना मिली कि गांव बेलरखां के पास होटल के सामने कुछ कार सवार युवक खड़े हुए है। यह नोट दोगुने करने का झांसा देकर लोगों को ठगते हैं। आरोपित कागजों की गड्डी बनाकर उनके ऊपर-नीचे असली नोट लगा देते हैं। सौदेबाजी के दौरान पुलिस रेड होने की बात बोल कर राशि लेकर फरार हो जाते हैं। दस हजार रुपये के बदले यह युवक दोगुने नोट देते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों को काबू कर लिया।

पुलिस ने जब गाड़ी में रखे बैग की तलाशी तो उसमें कुल 58 कागज की गड्डी थी। 41 गड्डी ऐसी थी, जिनके ऊपर-नीचे 500.500 के नोट लगे थे। जबकि 17 गड्डी ऐसी थी, जिनमें 10-10 के नोट लगे थे। गड्डी के दोनों तरफ पेंसिल से लाइन लगाई गई थी, जो असली नोटों जैसी लग रही थी। गड्डियों को पॉलिथीन में डाला गया था। पकड़े गए कार सवार लोगों की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव कन्हड़ी निवासी संजय, खनौरी रोड कैथल निवासी अनिल, करनाल के गांव रसीना निवासी सौरभ के रूप में पहचान हुई थी। तीनों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने इनसे 10 हजार रुपये की नकदी व कुछ कागज काटने का सामान बरामद किया है। दोनों को दोबारा रविवार को अदालत में पेश किया गयाए जहां से इन्हें जेल भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story