सिरसा: नायब तहसीलदार सहित सात पर केस दर्ज
सिरसा, 09 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव वैदवाला में अदालत के स्टे के बावजूद जमीन बेचने और फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री करवाने के आरोप में बुधवार काे नायब तहसीलदार सहित सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
सिरसा निवासी रजतपाल कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने दो कनाल नहरी जमीन खरीदने का सौदा सुखविंद्र कौर से 20 फरवरी को किया था। सौदा 96 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से तय हुआ था। इसके लिए उसने 11 लाख 11 हजार रुपये बतौर बयाना दिया गया। रजिस्ट्री की तारीख 30 मई 2026 तय की गई थी। शिकायत के अनुसार इकरारनामे पर सुखविंद्र कौर के बेटे मनजीत सिंह ने भी सहमति के तौर पर हस्ताक्षर किए थे। दस्तावेज पर गवाहों के हस्ताक्षर करवाकर उसे नोटरी से सत्यापित कराया गया था। आरोप है कि बाद में आरोपी पक्ष ने शिकायतकर्ता को धमकाते हुए बयाने की रकम हड़पने और जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम नहीं कराने की बात कही। जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की तैयारी की जानकारी मिलने पर शिकायतकर्ता ने अदालत में सिविल केस दायर किया।
शिकायत के मुताबिक अदालत ने जमीन आगे बेचने पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद 25 मई को जमीन गुरमीत कौर के नाम कर दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार वह एक जून को इकरारनामे के तहत रजिस्ट्री करवाने के लिए बकाया राशि लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा, लेकिन वहां उसे पता चला कि जमीन की रजिस्ट्री गुरमीत कौर के नाम हो चुकी है। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी कर ली है। मामले के जांच अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार, डीड राइटर जगदेव सिंह, नंबरदार हरबंस सिंह व जसपाल सिंह, गांव वैदवाला निवासी सुखविंद्र कौर, उसके बेटा मनजीत सिंह और हुडा कॉलोनी सिरसा निवासी गुरमीत कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

