पलवल में जमीन बेचने के नाम पर एक करोड़ की ठगी, पांच के खिलाफ केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 26 जून (हि.स.)। पलवल जिले की हथीन थाना पुलिस ने जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर एक करोड़ 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई आर्थिक अपराध शाखा, पलवल की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

थाना प्रभारी नरेश कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली निवासी गोविंद कपूर ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उन्होंने 10 अक्टूबर 2024 को गांव फिरोजपुर राजपूत की 30 कनाल 12 मरला जमीन का बैनामा कराया था। पूरी राशि का भुगतान करने के बाद जमीन का इंतकाल भी उनके नाम दर्ज हो गया और उन्हें कब्जा भी दे दिया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार विक्रेताओं ने जमीन की तकसीम कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में इससे पीछे हट गए। इसी दौरान न्यायालय से मिले समन के जरिए उन्हें पता चला कि खरीदी गई जमीन पहले से ही न्यायालय में लंबित विवाद का हिस्सा है। आरोप है कि विक्रेताओं ने जमीन से जुड़े विवाद और न्यायालयीन मामले की जानकारी छिपाकर सौदा किया।

आर्थिक अपराध शाखा की जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर हथीन थाना पुलिस ने जगदीश, बाबूलाल, राजेंद्र कुमार, शत्रुजीत और योगेश के खिलाफ मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story