जींद : पिता के आर्मी कोटे का फायदा उठा दो भाई हुए पुलिस में भर्ती,मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पिता के आर्मी कोटे का फायदा उठा दो भाई हुए पुलिस में भर्ती,मामला दर्ज


जींद, 23 जून (हि.स.)। जुलाना थाना पुलिस ने फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर पुलिस में नौकरी पाने पर दो भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। दोनों भाइयों ने पुलिस में भर्ती होते समय अपने पिता के आर्मी कोटे का लाभ उठाया था। नियमों के अनुसार केवल एक ही आश्रित इसका लाभ उठा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सोनीपत निवासी हेल्थ सुपरवाइजर से सेवानिवृत्त कमला दहिया ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गतौली गांव निवासी हरिओम सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। 2008 में उनके बड़े बेटे दलेल अपने पिता के कोटे का लाभ उठाते हुए पुलिस में भर्ती हो गए। दलेल इस समय जींद में कार्यरत हैं। 2014 में हरिओम का दूसरा बेटा भूपेंद्र भी अपने पिता के कोटे का लाभ उठाते हुए पुलिस में भर्ती हो गया। नियमों के अनुसार सेवानिवृत्त आर्मी कर्मचारी का केवल एक ही पुत्र इस कोटे का लाभ उठा सकता है। भूपेंद्र इस समय हांसी जिले में तैनात है।

दोनों अब मुख्य सिपाही के पद पर पदोन्नत हो गए हैं। कमला दहिया ने कहा कि उनके एक रिश्तेदार ने भी आर्मी कोटे का लाभ लेते हुए पुलिस भर्ती के लिए आवेदन किया था। उसके रिश्तेदार को यह लाभ नहीं मिला। जब उसे पता चला कि गतौली गांव निवासी दो भाइयों ने इसी प्रकार ईएसएम कोटे का लाभ उठाया है और वह दोनों इस समय पुलिस में कार्यरत हैं। जब उन दो भाइयों को लाभ मिल रहा है तो उसके रिश्तेदार को यह लाभ क्यों नहीं मिल सकता है।

जब पुलिस के पास यह शिकायत पहुंची तो उन्होंने इस मामले की जांच की और पाया कि एक कोटे का केवल एक ही आश्रित लाभ उठा सकता है। जुलाना थाना पुलिस ने भूपेंद्र व दलेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मंगलवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मी भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story