जींद : लैब को परीक्षा केंद्र बनाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगे

WhatsApp Channel Join Now
जींद : लैब को परीक्षा केंद्र बनाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगे


जींद, 22 जून (हि.स.)। पेपर लैब में परीक्षा केंद्र बनाने का झांसा देकर 19 लाख 53 हजार रुपये ठगने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के नोर्थ जोन डायरेक्टर समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

न्यू जवाहर नगर निवासी पुनीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पेपर लैब है। गांव गुरूकुल खेड़ा निवासी मनदीप से उसकी जान पहचान रही है। मनदीप ने कहा कि स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के नोर्थ जोन डायरेक्टर पंचकूला निवासी सुरेंद्र ढुल उसका रिश्तेदार है। जो उसकी लैब को सरकारी परीक्षा के लिए केंद्र बनवा देगा। आरोपितों ने दो साल के लिए परीक्षा केंद्र बनाने की एवज में तीस लाख रुपये ले लिए। जिसमें से आरोपित ने दो मोबाइल फोन भी खरीदे। जिसके बिल अजय तथा मनदीप के नाम हैं। उसने 12 लाख रुपये सुरेद्र ढुल की पत्नी रानी के खाते में भेजे।

इसके इलावा उसने अन्य माध्यमों से भी आरोपितों को राशि दी। आरोपितों ने उसकी लैब को महज सात दिन ही परीक्षा केंद्र बनाया, जिसके बाद परीक्षा केंद्र को बंद कर दिया। जब उसने केंद्र बंद करने का कारण पूछा तो आरोपितों ने आगे परीक्षा केंद्र चलाने के लिए तीस लाख रुपये की और डिमांड की। पुनीत ने आरोप लगाया कि आरोपित सुरेंद्र ढुल ने रुपये लेने के लिए अपने रिश्तदारों को लगाया हुआ है। जिनको उन्होंने रुपये दिए थे।

पुलिस जांच में अब तक 19 लाख 53 हजार 200 रुपये हड़पने की बात सामने आई है। सोमवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के नोर्थ जोन डायरेक्टर सुरेंद्र ढुल, उसकी पत्नी रानी, मनदीप, अजय व काला लंबरदार के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story