रेडक्रॉस सोसायटी में महिला कर्मचारी के यौन उत्पीड़न का मामला मुख्यमंत्री दरबार पहुंचा, जांच के आदेश

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। कुरुक्षेत्र की जिला रेडक्रॉस सोसायटी में महिला कर्मचारी के कथित यौन उत्पीड़न व प्रताड़ना का मामला अब मुख्यमंत्री दरबार में पहुंच गया है। महिला कर्मी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में जिला उपायुक्त को जांच के आदेश जारी किए हैं। उधर रेडक्रॉस सोसायटी ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ में मुलाकात करके बताया कि वह रेडक्रॉस के अंतर्गत संचालित टीआई प्रोजेक्ट में ओआरडब्ल्यू के पद पर कार्यरत थी, लेकिन सोसायटी के कार्यवाहक सचिव और टीआई मैनेजर ने उसे षड्यंत्र के तहत नौकरी से निकाला और उसका यौन उत्पीड़न व मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुरुक्षेत्र उपायुक्त को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पीड़िता का आरोप है कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी में टीआई प्रोजेक्ट के तहत काउंसलर का पद खाली होने पर कार्यवाहक सचिव और प्रोजेक्ट मैनेजर ने उसे इस पद पर पदोन्नत करने का प्रलोभन दिया। इसके एवज में उसके सामने कई अनुचित मांगें रखी गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे डीसी रेट पर कार्यालय में सेवादार के पद पर नौकरी दिलाने का प्रस्ताव भी दिया गया, लेकिन इसके लिए भी अनुचित मांगों का समर्थन करने का दबाव बनाया गया। महिला का कहना है कि जब उसने इन मांगों को स्वीकार नहीं किया तो एक अक्टूबर को षड्यंत्र के तहत उसे नौकरी से हटा दिया गया।

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। मुख्यालय द्वारा विभाग की कमेटी के माध्यम से जांच शुरू करवा दी गई है। कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन भी मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। यह रिपोर्ट सरकार को भी भेजी जाएगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story