सोनीपत: जाट व झोट्टा टिप्पणी पर एसई के खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू
सोनीपत, 11 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
शहर में बिजली विभाग के एसई गीतूराम तंवर द्वारा जाति विशेष पर कथित टिप्पणी के मामले में
थाना शहर सोनीपत में मामला दर्ज किया गया है। एक अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपों
की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में कहा गया है कि वायरल वीडियो में दिए गए बयान से
सामाजिक वैमनस्य फैलने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है।
अधिवक्ता
प्रणय दीप सिंह ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित
वीडियो में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड से जुड़े अधिकारी ने जाति विशेष
के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। वीडियो में कथित तौर पर कहा गया कि जाट और
झोट्टा जहां भी मिलेंगे, लट्ठ मारूंगा, जिससे समाज में आक्रोश फैल गया। शिकायतकर्ता
ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती है और विभिन्न वर्गों
के बीच तनाव पैदा कर सकती है।
शिकायत
में यह भी आरोप लगाया गया कि एक अन्य वायरल वीडियो में एसीआर लिखने के नाम पर लोगों
को ब्लैकमेल करने की बात कही गई, जिसे प्रथम दृष्टया जबरन वसूली का मामला बताया गया।
इसे संज्ञेय अपराध मानते हुए पुलिस ने 10 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर
दी। साथ ही सभी आपत्तिजनक वीडियो जब्त कर सोशल मीडिया मंचों से हटाने की मांग भी की
गई है।
उल्लेखनीय
है कि विवाद के बाद छोटूराम धर्मशाला में किसान और जाट समाज की बैठक हुई थी, जिसमें
ज्ञापन भी सौंपा गया। सामने आए वीडियो को 22 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है, जो डीसी
कैंप कार्यालय में अधिकारियों की बैठक के दौरान बनाया गया था। वीडियो
में संविधान और आंबेडकर की तस्वीर तोड़े जाने, जातिवाद के आरोपों तथा अधिकारियों के
बीच बातचीत के कई अंश भी सामने आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

