हिसार : माइनर टूटने से खेतों में भरा पानी, दो एकड़ गाजर की फसल बर्बाद होने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : माइनर टूटने से खेतों में भरा पानी, दो एकड़ गाजर की फसल बर्बाद होने की आशंका


हिसार : माइनर टूटने से खेतों में भरा पानी, दो एकड़ गाजर की फसल बर्बाद होने की आशंका


छह महीने से सफाई नहीं होने का आरोप, नई बोई सरसों भी पानी में डूबी

किसान बोले-समय पर पानी नहीं निकला तो बढ़ेगा नुकसान

हिसार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र में जुगलान माइनर में दरार

आने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। माइनर से निकला पानी आसपास के खेतों में भर

गया, जिससे गाजर और सरसों की फसल प्रभावित हुई है। एक किसान की दो एकड़ में तैयार होने

के करीब पहुंची गाजर की फसल डूबने से करीब दो लाख रुपये के नुकसान की आशंका है। वहीं,

दो दिन पहले बोई गई सरसों की फसल भी खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। प्रभावित किसानों

ने माइनर की तुरंत मरम्मत करवाने और खेतों से पानी निकालने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि पीछे से पानी का बहाव आने के दौरान दबाव बढ़ने से माइनर

में दरार आ गई और पानी खेतों में फैल गया। माइनर के टूटने की सूचना कैनाल गार्ड सोनू

ने संबंधित अधिकारियों को दी। घटना के बाद किसानों को अपनी फसलों की चिंता सताने लगी

है।

कैनाल गार्ड सोनू के मुताबिक, माइनर की करीब छह महीने से सफाई नहीं हुई थी।

इसमें कचरा जमा होने के कारण पानी का दबाव बढ़ा और माइनर टूट गई। दूसरी ओर, किसानों

का कहना है कि चूहों ने तटबंधों में बिल बना रखे हैं, जिससे वे कमजोर हो गए हैं। हालांकि,

माइनर टूटने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

किसान कमल ने बताया कि उसने दो एकड़ में गाजर की फसल बोई थी, जो लगभग तैयार

हो चुकी थी। माइनर का पानी खेत में भरने से फसल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

कमल के अनुसार, उसे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो सकता है। किसान के लिए यह नुकसान

इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि फसल तैयार होने के करीब थी और उसमें लागत के साथ काफी मेहनत

भी लग चुकी थी। अब खेत में पानी भरने से उसकी पूरी उपज प्रभावित होने का खतरा है।

किसान सुनील ने बताया कि उसने महज दो दिन पहले सरसों की बुवाई की थी। खेत में

पानी भरने से बीज खराब होने की आशंका है। उसने बताया कि इस नुकसान से उसे करीब 15 से

20 हजार रुपये की चपत लग सकती है। सुनील के मुताबिक, यदि सरसों की बुवाई दोबारा करनी पड़ी तो समय निकल जाने के

कारण ऐसा करना मुश्किल होगा। इससे उसकी अगली फसल की योजना भी प्रभावित हो सकती है।

किसानों ने जल्द मरम्मत और पानी निकासी की मांग उठाई

माइनर टूटने से खेतों में जमा पानी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।

किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी नहीं निकाला गया तो फसलों को और नुकसान हो सकता

है। उन्होंने संबंधित विभाग से माइनर की दरार को तुरंत ठीक करवाने, खेतों से पानी निकालने

और माइनर की सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें आर्थिक नुकसान

झेलने के साथ अगली फसल की बुवाई में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब किसानों

की नजर संबंधित विभाग की कार्रवाई पर है, ताकि खेतों से पानी निकल सके और नुकसान को

कम किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story