दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के विश्राम क्षेत्र में मिली फर्जी नंबर प्लेट लगी कार,चालक फरार
पलवल, 29 सितंबर (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विशेष कार्य बल की केंद्रीय भोंडसी टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर खड़ी एक लावारिस कार से 186 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि जांच में उसका वास्तविक नंबर पंजाब का पाया गया। पुलिस ने कार और बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार चालक मौके से फरार है।
सहायक उपनिरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष कार्य बल की टीम को सूचना मिली थी कि हथीन थाना क्षेत्र के मिंडकोला गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के विश्राम क्षेत्र में एक संदिग्ध कार खड़ी है। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक किआ सोनेट कार खड़ी मिली। कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर इसकी सूचना ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं हथीन के उप पुलिस अधीक्षक रतनदीप बाली को दी।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार का शीशा तोड़कर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर नौ प्लास्टिक के कट्टे मिले। कट्टों को खोलकर जांच की गई तो उनमें डोडा पोस्त भरा हुआ था। वजन करने पर कुल 186 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
जांच के दौरान कार पर लगी नंबर प्लेट संदिग्ध पाई गई। पुलिस के अनुसार कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, जबकि उसका वास्तविक पंजीकरण नंबर पंजाब का है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार किसकी है और इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था।
बरामद डोडा पोस्त और कार को कब्जे में लेने के बाद हथीन थाना में मादक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही नशीले पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

