कैथल: एनएच-152डी पर तेज रफ्तार कार ने दूसरी गाड़ी को मारी टक्कर, पंचकूला निवासी की मौत

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव करोड़ा के पास नेशनल हाईवे-152डी पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से दूसरी कार पलट गई। हादसे में पंचकूला जिले के गांव जासपुर निवासी करीब 35 वर्षीय बिंटू राम की मौत हो गई। वह अपने भाइयों के साथ सफीदों स्थित गोरी धाम बाबा सबल पर पूजा करने के बाद घर लौट रहा था। हादसे में गंभीर रूप से घायल बिंटू राम को कैथल के नागरिक अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूंडरी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी शिकायत में गांव जासपुर निवासी परमजीत सिंह ने बताया कि वह बिजली का काम करता है। वे तीन भाई हैं और उसका छोटा भाई बिंटू राम कृषि विभाग में कच्चे कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। परमजीत के अनुसार, 20 अक्टूबर को वे तीनों भाई गांव से सफीदों स्थित गोरी धाम बाबा सबल पर पूजा करने गए थे। पूजा करने के बाद अगले दिन शाम को वे अपनी गाड़ी से वापस गांव लौट रहे थे।परमजीत सिंह ने बताया कि जब वे नेशनल हाईवे-152डी पर गांव करोड़ा के नजदीक पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनकी गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे में बिंटू राम को गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तुरंत कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन उसे चंडीगढ़ ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पूंडरी थाना के जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story