फतेहाबाद से दोस्तों संग घूमने गए युवक की लाहौल स्पीति हादसे में मौत

WhatsApp Channel Join Now


फतेहाबाद, 30 जून (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में हुए सड़क हादसे में फतेहाबाद के युवक भूपेंद्र भाटी की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब भूपेंद्र किसी कार ड्राइवर को गाड़ी बैक करवाने में मदद कर रहा था। कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। असमय मौत की खबर से फतेहाबाद में शोक की लहर है।

अग्रवाल कॉलोनी निवासी भूपेंद्र भाटी अपने 4 दोस्तों आर्यन, अरमान, नीरज और शिवम के साथ 25 जून को फतेहाबाद से हिमाचल घूमने गया था। पांचों दोस्तों ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी। पहले सभी मनाली में लोकल साइट्स देखने गए, फिर लाहौल स्पीति की तरफ निकले। सोमवार को सभी को वापस फतेहाबाद लौटना था, लेकिन उससे पहले ये हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात को सभी दोस्त लाहौल स्पीति से वापसी के दौरान रास्ते में चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक कार ड्राइवर ने भूपेंद्र से गाड़ी बैक करवाने में मदद मांगी। मदद करते समय अचानक कार ड्राइवर का पैर रेस पर पड़ गया। कार की टक्कर लगने से भूपेंद्र खाई में गिर गया। हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन तब तक भूपेंद्र की मौत हो चुकी थी।

भूपेंद्र के पिता सुल्तान सिंह भाटी सिरसा रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। सुल्तान सिंह के 3 बच्चे हैं - 2 बेटियां और एक बेटा भूपेंद्र। 3 बहन-भाइयों में भूपेंद्र सबसे छोटा था। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम पसर गया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और दोस्तों के परिजन तुरंत लाहौल स्पीति पहुंचे। वहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को मंगलवार देर शाम फतेहाबाद लाया गया। बुधवार को भूपेंद्र का अंतिम संस्कार फतेहाबाद की शिवपुरी में किया जाएगा।

भूपेंद्र के निधन से अग्रवाल कॉलोनी और शहर में शोक है। साथ घूमने गए दोस्त आर्यन, अरमान, नीरज और शिवम इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

Share this story