हिसार : लेफ्टिनेंट अभिमन्यु बैनीवाल बने सेना की मेडिकल कोर में कैप्टन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : लेफ्टिनेंट अभिमन्यु बैनीवाल बने सेना की मेडिकल कोर में कैप्टन


जम्मू कश्मीर में करेंगे देश सेवा

हिसार, 20 अप्रैल (हि.स.)। डोभी गांव निवासी एवं आर्मी मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट अभिमन्यु बैनीवाल पदोन्नत होकर कैप्टन बन गए हैं। अब वे जम्मू कश्मीर में सेना की मेडिकल कोर में देश सेवा करेंगे। उनके कैप्टन बनने से परिवारजनों और रिश्तेदारों व गांव में खुशी का माहौल है। उनके पिता भूतपूर्व वायु सैनिक एवं कन्या गुरुकुल डोभी के कुलपति आचार्य बलजीत सिंह आर्य, उनकी माता राजबाला शास्त्री व चाचा परमजीत सिंह ने साेमवार काे बताया कि अभिमन्यु ने आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल काॅलेज पुणे से एमबीबीएस करके उपरोक्त पदोन्नति प्राप्त की है। अब वे कैप्टन बन गए हैं और जम्मू कश्मीर में अपनी सेवाएं देंगे। उल्लेखनीय है कि डोभी गांव के होनहार युवक अभिमन्यु बैनीवाल ने एएफएमसी पूणे से एमबीबीएस किया और आर्मी मेडिकल कोर में भर्ती होकर अपने माता पिता का सपना साकार किया। बाद में उन्हें आर्मी मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्ति मिल गई। परिवारजनों के अनुसार अभिमन्यु शुरू से ही होनहार रहे हैं। गुरुकुल कुरुक्षेत्र में अध्ययनरत रहते हुए सातवीं कक्षा में अभिमन्यु ने पहली बार जिमनास्टिक नेशनल चैम्पियनशिप में प्रतिभागिता की और तीन बार जिम्नास्टिक खेल में राष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए स्वर्ण एवम् कांस्य पदक जीत कर देश, प्रदेश व गांव का नाम भी रोशन किया। अब अभिमन्यु के कैप्टन बनने से परिचितों में और गांव में खुशी का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story