यमुनानगर:सात दिन बाद नहर से मिला बड़े भाई का शव, छोटे की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:सात दिन बाद नहर से मिला बड़े भाई का शव, छोटे की तलाश जारी


यमुनानगर, 22 फ़रवरी (हि.स.)यमुनानगर स्थित पश्चिमी यमुना नहर में पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान डूबे दो सगे भाइयों में से बड़े भाई का शव सात दिन बाद बरामद कर लिया गया है, जबकि छोटे भाई की तलाश अब भी जारी है। प्रशासन ने सर्च अभियान को आगे के क्षेत्रों तक विस्तारित कर दिया है।

पुलिस के अनुसार भगवानगढ़ निवासी 24 वर्षीय उदय और उसका 18 वर्षीय छोटा भाई आर्यन 17 फरवरी की शाम घर से पूजा सामग्री विसर्जित करने निकले थे। देर रात तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। अगले दिन नहर किनारे उनकी बाइक और चप्पल मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद थाना पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और स्थानीय गोताखोरों ने लगातार तलाशी अभियान चलाया। करीब दस किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में कई बार गहन सर्च ऑपरेशन किया गया, लेकिन शुरुआती दिनों में सफलता नहीं मिल सकी। गोताखोरों के अनुसार ठंडे पानी के कारण शव के सतह पर आने में समय लगना स्वाभाविक था।

शनिवार देर शाम हमीदा हेड से आगे एक पुल के पास लोगों ने पानी में शव उतराता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकालकर पहचान सुनिश्चित की, जो उदय के रूप में हुई। पानी के तेज बहाव के चलते शव घटनास्थल से करीब 16 किलोमीटर दूर पहुंच गया था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। छोटे भाई आर्यन की तलाश के लिए अभियान जारी है और नहर के आगे के हिस्सों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। उदय परिवार के पालन-पोषण में सहयोग करता था, जबकि आर्यन दिहाड़ी मजदूरी करता था।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story