यमुनानगर: पश्चिमी यमुना नहर में डूबे दोनों दोस्तों के शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: पश्चिमी यमुना नहर में डूबे दोनों दोस्तों के शव बरामद


यमुनानगर, 29 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर जिले के बुडिया क्षेत्र स्थित पश्चिमी यमुना नहर में नहाते समय लापता हुए दो युवकों के शव बरामद होने के साथ ही कई दिनों से चल रहा तलाश अभियान समाप्त हो गया। दोनों मृतक जगाधरी क्षेत्र के निवासी थे। वे विवाहित थे और अपने पीछे दो-दो छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं।

बुधवार को दूसरे युवक के शव का पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस और परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम तीन मित्र बुडिया के समीप पश्चिमी यमुना नहर में नहाने पहुंचे थे। इस दौरान अमित और रोहित पानी में उतर गए, जबकि उनका तीसरा साथी किनारे पर ही मौजूद रहा। नहाते समय एक युवक गहरे पानी में फंस गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा युवक भी नहर में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों पानी में समा गए।

तीसरे साथी ने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकत्र किया और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसी रात अभियान शुरू नहीं किया जा सका। अगले दिन से लगातार खोजबीन जारी रही। सोमवार को अमित का शव चिट्टा मंदिर के निकट नहर से बरामद हुआ। वहीं तेज बहाव में बहता हुआ रोहित का शव करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र तक पहुंच गया। बुधवार को पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों ने बताया कि रोहित वर्कशॉप क्षेत्र में अपनी दुकान चलता था, जबकि अमित भी उसी के साथ कार्य करता था। दोनों परिवारों में इस घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त है। कम उम्र में दो-दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story