यमुनानगर: नहर में डूबे व्यक्ति का तीसरे दिन मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: नहर में डूबे व्यक्ति का तीसरे दिन मिला शव


यमुनानगर, 11 मई (हि.स.)। यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में पश्चिम यमुना नहर में नहाने गए एक व्यक्ति का शव तीसरे दिन साेमवार काे बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा गोताखोरों की सहायता से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान रादौर निवासी 49 वर्षीय सोहन लाल के रूप में हुई है। वह मजदूरी का कार्य करता था और तीन बच्चों का पिता था।

परिजनों के अनुसार, सोहन लाल शनिवार सुबह घर से नहर में नहाने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। नहर के आसपास पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि एक व्यक्ति स्नान के दौरान संतुलन बिगड़ने से पानी में बह गया था। इसके बाद परिजन लगातार नहर किनारे उसकी खोज में जुटे रहे।

सोमवार सुबह नहर के समीप स्थित मंदिर में रहने वाले व्यक्ति ने पानी में शव दिखाई देने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और परिजन मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान सोहन लाल के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भेज दिया। रादौर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story