यमुनानगर:पश्चिमी यमुना नहर में मिला सड़ा-गला शव, पहचान चुनौती
यमुनानगर, 09 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले के अमादलपुर क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर से गुरुवार को एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। शव को सबसे पहले एक राहगीर ने पानी में बहते हुए देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
बुडिया थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकालने के लिए गोताखोरों की सहायता ली गई। गोताखोर अमर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव काफी समय पुराना है और पानी में रहने के कारण पूरी तरह से सड़-गल चुका है। हालत इतनी खराब थी कि शव की पहचान करना संभव नहीं हो पा रहा है।
युवक के शरीर पर कोई वस्त्र नहीं मिले और चेहरा भी पहचान के योग्य नहीं बचा है। जांच अधिकारी रणदीप सिंह ने बताया कि शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया गया है, ताकि उसकी शिनाख्त की जा सके। अनुमान के अनुसार मृतक की आयु करीब 30 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और शव की पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

