यमुनानगर:चार दिन से लापता युवक का शव यमुना नहर से मिला

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:चार दिन से लापता युवक का शव यमुना नहर से मिला


यमुनानगर, 25 मई (हि.स.) यमुनानगर जिले के जठलाना थाना क्षेत्र के गांव मोहड़ी निवासी 29 वर्षीय मुबारक अली खान का शव रविवार देर शाम कुरुक्षेत्र के हिनौरी पुल के समीप पश्चिमी यमुना नहर से बरामद किया गया। युवक बीते चार दिनों से लापता था। शव मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है, जबकि परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। मुबारक अली एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।

परिजनों के अनुसार वह 21 मई की शाम घर से ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। बाद में कंपनी से जानकारी मिली कि वह उस दिन कार्यस्थल पर पहुंचा ही नहीं था। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह उसकी मोटरसाइकिल गांव के बाहरी क्षेत्र में नहर किनारे लावारिस हालत में मिली थी। इसके कुछ घंटों बाद शाम के समय कुरुक्षेत्र जिले के हिनौरी पुल के पास नहर से शव बरामद होने की सूचना मिली।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मुबारक अली के रूप में की। परिवार का कहना है कि मुबारक अली किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक परेशानी में नहीं था। घर से निकलते समय वह सामान्य स्थिति में था। ऐसे में अचानक लापता होना और बाद में शव मिलना कई सवाल खड़े करता है। जठलाना थाना पुलिस ने पहले ही गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती स्तर पर जांच में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत से गांव मोहड़ी में गहरा शोक व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story