हिसार : नेहरू के विचार, दूरदर्शिता व राष्ट्र निर्माण में योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता: बृज लाल बहबलपुरिया

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : नेहरू के विचार, दूरदर्शिता व राष्ट्र निर्माण में योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता: बृज लाल बहबलपुरिया


जिला कांग्रेस ने कांग्रेस भवन में मनाई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, नेताओं

ने अर्पित की पुष्पांजलि

हिसार, 14 नवंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भारत के प्रथम प्रधानमंत्री

पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर शनिवार काे कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम

आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम

में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें

नमन किया।

इस अवसर पर बृज लाल बहबलपुरिया ने शनिवार काे कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के

प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता

थे। आजादी के बाद देश अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसे समय में नेहरू ने अपने नेतृत्व

और दूरदर्शी सोच से भारत को विकास, प्रगति और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया।

शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग, कृषि और लोकतांत्रिक संस्थाओं के विकास में उनका योगदान

ऐतिहासिक है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि नेहरू ने लोकतांत्रिक

परंपराओं, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण

भूमिका निभाई। उनका विश्वास था कि देश की असली ताकत उसकी विविधता, एकता और लोकतांत्रिक

व्यवस्था में निहित है। वर्तमान परिस्थितियों में भी उनके विचार और आदर्श प्रासंगिक

हैं। संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना ही उनके

प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष लगाव था। वे बच्चों

को देश का भविष्य और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत मानते थे। इसी कारण उनके जन्मदिवस

को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चों को बेहतर शिक्षा, समान अवसर और उज्ज्वल

भविष्य उपलब्ध करवाना उनके सपनों के भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से नेहरू के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज

में प्रेम, सद्भाव, समानता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story