नूंह में भाजपा नेता जाहिद हुसैन को धमकी देकर मांगे पांच करोड़
नूंह, 28 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं नूंह के पूर्व चेयरमैन जाहिद हुसैन को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई और गौदारा गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी भरे फोन के बाद जाहिद हुसैन ने नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन को शिकायत देकर अपने और परिवार की सुरक्षा तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 27 सितंबर 2026 की रात जाहिद हुसैन के मोबाइल फोन पर 9520250016 नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को गौदारा गैंग और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए धमकी दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, फोन करने वाले ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी में बड़ा नेता है और यदि उसे अपनी तथा अपने बच्चों की जान प्यारी है तो दो दिन के अंदर 5 करोड़ रुपये देने होंगे। साथ ही धमकी देने वाले ने दावा किया कि उसके पास जाहिद हुसैन और उनके परिवार की पूरी जानकारी है।
शिकायत में बताया गया है कि फोन करने वाले ने कहा कि उसका बॉस जाहिद हुसैन से बात करना चाहता है और यदि बॉस से बात नहीं की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस पर जाहिद हुसैन ने कहा कि वह मौत से नहीं डरते, जिसके बाद फोन काट दिया गया। इसके करीब पांच मिनट बाद रात 8 बजकर 23 मिनट पर उसी मोबाइल नंबर से दोबारा कॉल आने का भी शिकायत में उल्लेख है। आरोप है कि इस दौरान फोन करने वाले ने कथित तौर पर 'हां या ना' में जवाब देने को कहा और पैसे नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
जाहिद हुसैन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं और गांव बाई, हालाबाद, गऊशाला रोड, थाना सिटी नूंह के स्थायी निवासी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लॉरेंस गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकी दी गई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अपने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद नूंह पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकी के पीछे की वास्तविकता का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

